
3D render of a crime scene tape against defocussed background
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 जून। गुरुग्राम में जीजा की बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक की छाती पर तब तक नुकीले हथियार से वार किया गया जब तक वह निस्तेज होकर गिर नहीं पड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला राजदेव कुमार कई साल से घाटा गांव में अपने परिवार के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले राजदेव का बॉबी के साथ झगड़ा हुआ था। बॉबी राजदेव के जीजा की बहन के कमरे में घुस गया था और उससे छेड़खानी की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बॉबी को पकड़ लिया था और मारपीट कर भगा दिया था। इसी रंजिश के चलते बॉबी ने राजदेव से बदला लेने की साजिश रची।
राजदेव जब रविवार रात को अपने काम से लौट रहा था तो घाटा सब्जी मंडी के पास बॉबी ने उसे पकड़ लिया और उसकी छाती में नुकीले हथियार से वार करने शुरू कर दिए। कई वार करके बॉबी मौके से भाग गया। राहगीरों ने राजदेव के परिजनों को सूचना दी और उसे अस्पताल में भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सेक्टर 56 थाना एसएचओ विनोद के अनुसार राजदेव परिवार के साथ घाटा गांव की झुग्गियों में रहता था। वहीं पर उसकी बहन और जीजा भी रहते हैं। जीजा की बहन भी आई हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।