
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 16 मई। हरियाणा की जिमनास्ट मिश्का ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अंतर्गत् दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में क्लब इवेंट में कांस्य पदक जीत कर राज्य का नाम रोशन किया है। रिद्मिक जिमनास्टिक प्रतियोगिता के फाइनल में महाराष्ट्र ने 5 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किया। जबकि दिल्ली ने 1 रजत और 3 कांस्य इस प्रतियोगिता में झटके। वहीं, हरियाणा ने 1 कांस्य पदक प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की। रिदमिक जिमनास्टिक की प्रतियोगिता के दौरान देश की युवा जिमनास्टों ने कला, संतुलन और लयबद्धता का अद्भुत संगम पेश किया।
प्रतियोगिता के क्लब इवेंट के फाइनल में शुभा श्री ने स्वर्ण पदक, परिना ने रजत और इस बार हरियाणा की मिश्का ने दिल्ली की रेचल दीप को पछाड़ते हुए कांस्य जीतकर अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई थी।
खेलो इंडिया में हरियाणा का नाम रोशन करने के बाद अब मिश्का की नजरें 18 जून से 22 जून तक सोफिया बुलगेरिया में आयोजित होने वाली विश्व जिम्नास्टिक चैंपियनशिप पर है। मिश्का इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 15 जून को रवाना होगी।
मिश्का पिछले एक साल से नेहरू स्टेडियम में जिमनास्टिक का अभ्यास करती है। जहां पर जिम्नास्टिक्स कोच नवीन सैनी बच्चों को प्रशिक्षण देते हैं। कोच सैनी ने बताया कि मिश्का इस समय उत्तराखंड में नेशनल कैंप में जिम्नास्टिक वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि जून में होने वाली इस वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए मिश्का रोजाना 6 से 7 घंटे तक अपना पसीना बहाती है, जिससे पदक जीत कर भारत का नाम रोशन कर सकें।
मालूम हो कि मिश्का ने दूसरी कक्षा से ही जिम्नास्टिक का अभ्यास आरंभ कर दिया था। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिश्का की यात्रा 11 फरवरी को जम्मू कश्मीर में आयोजित ट्रायल के दौरान उसके शानदार प्रदर्शन के साथ शुरू हुई थी। जहां पर उसकी प्रतिभा और समर्पण ने चयनकर्ताओं का अपना ध्यान खींचा। इससे पहले भी मिश्का-2024 में उज्बेकिस्तान में जूनियर एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर चुकी है तथा खेलो हरियाणा व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी विजय प्राप्त कर चुकी है। मिश्का अपनी उपलब्धियों का श्रेय अपने अभिभावकों, स्कूल शिक्षकों और प्रशिक्षकों को देती है।