Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Auhtor: Pardeep Narula
गुरुग्राम में हिंदू नववर्ष एवं वैश्य दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार, 18 मार्च 2026 को एक भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें शहरभर से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए महासम्मेलन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल ने सेक्टर-5 स्थित महालक्ष्मी मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि शोभा यात्रा का शुभारंभ दोपहर 3 बजे मंदिर प्रांगण से होगा। इस अवसर पर 5100 महिलाएं कलश यात्रा में भाग लेंगी। विशेष बात यह रहेगी कि सभी महिलाएं एक ही रंग की साड़ी या सूट पहनकर शामिल होंगी, जिससे यात्रा में एकरूपता और भव्यता का दृश्य देखने को मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, कलश यात्रा में शामिल महिलाएं शाम 4 बजे प्रेम मंदिर के सामने एकत्रित होंगी, जहां से शोभा यात्रा आगे बढ़ेगी। आयोजन समिति शहर के विभिन्न मंदिरों और महिला समितियों से संपर्क कर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।
शोभा यात्रा को आकर्षक और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए दो दर्जन से अधिक झांकियां शामिल की जाएंगी। इन झांकियों में विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी। कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां भी यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। पारंपरिक वेशभूषा में आचार्य और पुरोहित शंखनाद और घंटियों की ध्वनि के साथ शोभा यात्रा की गरिमा को बढ़ाएंगे।
महासम्मेलन के उपाध्यक्ष वी.के. जैन ने बताया कि शोभा यात्रा का रूट कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-5 से शुरू होकर चिंतपूर्णी मंदिर रेलवे रोड, सेक्टर-4 चौक, ओल्ड रेलवे रोड, सोहना चौक और सदर बाजार से गुजरते हुए गुड़गांव क्लब पार्किंग, सिविल लाइन पर संपन्न होगा। सदर बाजार क्षेत्र में यात्रा के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा और आरती की विशेष व्यवस्था की जाएगी। शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रतिष्ठित नागरिकों द्वारा भी शोभा यात्रा का स्वागत किया जाएगा।
आयोजन समिति का कहना है कि यह शोभा यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और पारंपरिक मूल्यों के संवर्धन का प्रतीक है। 5100 महिलाओं की सामूहिक सहभागिता समाज में अनुशासन, संगठन और एकजुटता का संदेश देगी। विभिन्न प्रदेशों की झांकियां भारत की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत करेंगी।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय सनातन सभा गुरुग्राम के अध्यक्ष सुरेंद्र खुराना, गजेंद्र गोस्वामी, महालक्ष्मी मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री दिनेश अग्रवाल, युवा अध्यक्ष विवेक गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, महिला अध्यक्ष इंदु जैन, ऋतु महेश्वरी, अनुराधा शर्मा, दया गुप्ता, शालिनी गुप्ता, अमित अग्रवाल और पियूष सिंगल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।




