
Bilkul Sateek News
अंबाला, 1 सितंबर। हरियाणा के अंबाला में आज सुबह से हो रही तेज बारिश में एक मकान की छत ढह गई। जिसके मलबे में दो बच्चे और मां दब गई। तीनों को तुरंत मलबे से निकाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहटा गांव में आज सुबह करीब साढ़े 8 बजे लगातार बारिश हो रही है। तभी एक मकान के कमरे की कच्ची छत का गाटर टूटने से वह ढह गई। कमरे में पूरा परिवार बैठा हुआ था, जिससे 35 वर्षीय सुखविंद्र कौर, उसकी आठ वर्षीय बेटी अमनीत और चार वर्षीय बेटा समरीक मलबे के नीचे दब गया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी तुरंत दौड़े आए। उन्होंने मलबे के नीचे से तीनों को निकाला और पास के अस्पताल में ले गए। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कैंट स्थित नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
गांव के नंबरदार परमार के अनुसार छत गिरने से तीन लोग घायल हो गए हैं और काफी सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। फिलहाल बारिश से बचाव के लिए घर पर तिरपाल डाल दी गई है। हादसे की जानकारी मिलते ही साहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।