Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की आउटर डिस्ट्रिक्ट एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने 5 दिनों के विशेष अभियान में 34 लापता बच्चों और व्यक्तियों को ढूंढ निकाला है। इनमें ज्यादातर नाबालिग शामिल हैं। इस कार्रवाई को ‘मिशन सेफ रिटर्न’ नाम दिया गया था। सभी को अपने परिवार से मिलवाया गया है। परिवार ने पुलिस कर्मियों का शुक्रिया अदा किया है।

आउटर जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 31 मार्च से शुरू हुए इस 5 दिवसीय विशेष ड्राइव में यूनिट की टीम ने दिन-रात काम करते हुए लापता व्यक्तियों को ट्रेस किया। पुलिस के अनुसार ज्यादातर लापता बच्चे और व्यक्ति छोटे-मोटे पारिवारिक विवादों के कारण घर छोड़कर चले गए थे। गुमशुदा को ढूंढने की जिम्मेदारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को दी गई थी।
टीम ने परिजन, पड़ोसियों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की। साथ ही स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी का भी सहारा लिया गया। 5 दिनों की मेहनत और समन्वय के बाद कुल 34 लापता बच्चों/व्यक्तियों को विभिन्न इलाकों से ट्रेस कर लिया गया। इनमें अधिकांश नाबालिग थे। ट्रेस किए गए लोगों के संबंधित थानों के जांच अधिकारी अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।




