Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव
सोहना-तावडू पहाड़ी मार्ग पर देवीलाल मोड़ पर कार असंतुलित होकर 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दौरान कार चालक को काफी चोट आई है। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के नरेश के रूप में हुई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायल नरेश ने बताया कि वह अपनी बहन को सोहना के एक डॉक्टर के पास दवा दिलाने गया था। दवा लेने के बाद बहन को घुमाने के लिए पहाड़ी पर स्थित पर्यटक स्थल ले गया। वापसी के दौरान देवीलाल मोड़ पर सामने से तेज रफ्तार ट्रक आते देख बचने के चक्कर में कार असंतुलित हो गई और खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, देवीलाल मोड़ पर सुरक्षा की दृष्टि से बनाई गई दीवार कई जगहों से टूटी पड़ी है। एक वर्ष में इसी जगह करीब आधा दर्जन हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग ने अब तक दीवार की मरम्मत नहीं कराई है। सोहना-तावडू मार्ग कई जिलों और प्रदेशों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण व्यापारिक और यातायात मार्ग है। इस पहाड़ी रोड पर देवीलाल मोड़ और तिकोना पार्क मोड़ पर लगातार वाहन पलटने की घटनाएं हो रही हैं।
वहीं इस बारे में जनप्रतिनिधि ने कहा कि सोहना-तावडू पहाड़ी मार्ग पर हादसे रोकने के लिए रोड का विस्तार किया जाएगा। योजना तैयार है और रोड की पैमाइश भी हो चुकी है। विस्तार कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।




