Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
दिल्ली के आजादपुर इलाके में रविवार शाम दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (डीटीसी) की बस ने युवक को कुचल दिया। इसके बाद रुककर युवक की जान बचाने के बजाय चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग घायल को अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान शालीमार बाग के आकाश के रूप में हुई है। पुलिस बस चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आदर्श नगर थाना पुलिस को रविवार शाम को जानकारी मिली थी कि एक डीटीसी बस चालक युवक को टक्कर मारकर फरार हो गया है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी। क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बस चालक मौके से भाग निकला। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस मामले में जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।




