गुरुग्राम 15 फरवरी। शहर के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित एक शराब ठेके पर सेल्समैन से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने मुफ्त शराब न मिलने पर पहले धमकी दी और फिर सुबह ठेका खुलने से पहले पहुंचकर सेल्समैन के साथ मारपीट की। पूरी घटना ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना सेक्टर 53-54 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर जी टाउन नामक शराब ठेके की है। बताया जा रहा है कि रविवार तड़के करीब चार बजे एक थार कार में सवार दो युवक ठेके पर पहुंचे। उस समय ठेका बंद था। आरोप है कि उनमें से एक युवक, जिसकी पहचान रोनिक यादव के रूप में हुई है, ने सेल्समैन से मुफ्त में शराब की मांग की। सेल्समैन ने ठेका बंद होने और नियमों का हवाला देते हुए शराब देने से मना कर दिया।

मना करने पर युवक कथित रूप से गुस्से में आ गया और धमकी देते हुए कहा कि वह सुबह देख लेगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। सेल्समैन विपिन सिंह राजावत के अनुसार, वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के दरियापुर गांव का निवासी है और लंबे समय से उक्त ठेके पर काम कर रहा है।
बताया गया है कि सुबह करीब साढ़े सात बजे, जब ठेका खुलने वाला था, आरोपी युवक फिर से वहां पहुंच गया। उस समय सेल्समैन ठेके के अंदर सो रहा था। आरोप है कि युवक ने उसे जबरन उठाया और ताबड़तोड़ थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। मारपीट की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी युवक सेल्समैन के साथ हाथापाई करता नजर आ रहा है।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार ठेके पर आकर मुफ्त में शराब की मांग करता रहा है और मना करने पर धमकियां देता था। हालांकि इस बार उसने कथित तौर पर हद पार कर दी। घटना के बाद सेल्समैन ने पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरुग्राम के पॉश इलाकों में भी इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। उनका मानना है कि शराब ठेकों पर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि वे बिना डर के काम कर सकें।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह मामला मारपीट और गाली-गलौज से जुड़ा है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की छानबीन में जुटी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।



