गुरुग्राम में दिनदहाड़े ज्वेलर्स शॉप पर लूट: 5 किलो चांदी और नकदी लेकर फरार, तीन आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम के गांव खांडसा में 14 फरवरी 2026 को दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स की दुकान पर हथियार के बल पर लूट की वारदात सामने आई। थाना सेक्टर-37 में दर्ज शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे तीन युवक दुकान में ग्राहक बनकर दाखिल हुए और कुछ ही पलों में माहौल बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने पिस्टल निकालकर दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी, जबकि दूसरे ने लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की। डर और दबाव के बीच आरोपियों ने अलमारी खुलवाई और करीब 5 किलो चांदी व 35 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार होने लगे।

हालांकि, दुकानदार ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-37 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पकड़े गए आरोपी की पहचान विकास (22 वर्ष), निवासी गांव खांडसा, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई। उसे 15 फरवरी को अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने आगे की कार्रवाई करते हुए 16 फरवरी को गांव परसादपुर, जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश) से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इनकी पहचान ललित कुमार (24 वर्ष) निवासी गांव परसादेपुर, जिला रायबरेली और अमन (19 वर्ष) निवासी सरायडुला जगतपुर, जिला रायबरेली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ललित और अमन गुरुग्राम की एक फैक्ट्री में काम करते थे। ललित और विकास ने मिलकर लूट की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए विकास ने अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) से 45 हजार रुपये में अवैध पिस्टल खरीदी थी।
पुलिस ने अब तक आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 17 फरवरी को ललित और अमन को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल मामला अनुसंधानाधीन है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि त्वरित कार्रवाई से पूरे गिरोह को पकड़ लिया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा पूरी तरह कर दिया जाएगा।



