Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
भौंडसी इलाके में मंगलवार सुबह स्कूल वैन ने 8 वर्षीय बच्चे को कुचल दिया, जिसमें बच्चे की मौके पर मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुई जब युवक वैन को बैक कर रहा था। मृतक की पहचान भौंडसी के शिवांश त्रिपाठी के रूप में हुई है। वह इलाके के लेबरनम पब्लिक स्कूल की पहली कक्षा में पढ़ते थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के मेढ़ी सुलेमपुर गांव के रहने वाले शिवांश यहां पर मारुति कुंज में रहते थे। उनके पिता संतोष कुमार त्रिपाठी किराना दुकान चलाते हैं।
मंगलवार को शिवांश चॉकलेट लेने अपने पिता की दुकान पर गया था। चॉकलेट लेकर वह घर की ओर लौट रहा था। इस दौरान वह भागते हुए आ रहा था। गली के मोड पर मुडते समय उसके पैर फिसल गए और वह गिर गया। तभी गली में एमएस पब्लिक स्कूल की मारुति ईको वैन का ड्राइवर वैन को बैक कर रहा था। ड्राइवर ने वैन बच्चे के ऊपर चढ़ा दी। हादसे में शिवांश के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसके कान और मुंह से खून बहने लगा। परिजन तुरंत बच्चे को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह सारी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




