Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
पीतमपुरा इलाके में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान पीतमपुरा के राजू के रूप में हुई। रानी बाग थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा। साथ ही इस मामले में दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान पीतमपुरा के लाल बाबू उर्फ लालू और कुंदन के रूप में हुई है। मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात को बाबा अंबेडकर अस्पताल में राजू नामक एक घायल युवक को भर्ती करवाया गया। राजू को उसके दो दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया था। पीतमपुरा के अशियाना अपार्टमेंट के पास उस पर चाकू से वार किया गया था। पुलिस को इसकी जानकारी मिली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सुबूत जुटाए। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो आरोपियों की पहचान पीतमपुरा के लाल बाबू उर्फ लालू और कुंदन के रूप में हुई।
इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी रानी बाग में एपीजे स्कूल के पास एक पार्क में छिपे हुए हैं। टीम तुरंत पार्क पहुंची। जब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की तो दोनों आरोपियों ने पुलिस कर्मियों की पिस्टल छीनने की कोशिश की और उन पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर भगवान महावीर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




