Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
“महालक्ष्मी जी का दिव्य आगमन 27 फरवरी को”
गुरुग्राम की पावन धरती पर आस्था का दीप एक बार फिर प्रज्वलित होने जा रहा है। सौभाग्य, समृद्धि और शांति की अधिष्ठात्री माँ महालक्ष्मी की कृपा-प्राप्ति हेतु श्री महालक्ष्मी मंदिर, गुरुग्राम के प्रांगण में शुक्रवार, 27 फरवरी को भव्य दिव्य महाअनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। हर महीने शुक्ल पक्ष के शुक्रवार को संपन्न होने वाला यह विशेष अनुष्ठान श्रद्धालुओं के बीच अत्यंत लोकप्रिय हो चुका है और प्रत्येक माह इसमें भाग लेने वाले भक्तों की संख्या निरंतर बढ़ रही है।

मंदिर के महासचिव दिनेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम में यह एकमात्र सामूहिक अनुष्ठान है, जिसमें श्रद्धालु अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए संकल्प लेकर स्वयं अपने हाथों से माँ महालक्ष्मी को नीलकमल पुष्प एवं महाप्रसाद अर्पित करते हैं। यह अवसर भक्तों को माँ के श्रीचरणों में प्रत्यक्ष भक्ति समर्पित करने का अद्वितीय अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी को आयोजित विशेष अनुष्ठान में हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। विवेक गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, नितिन अग्रवाल, मीनाक्षी गुप्ता एवं इंदु जैन ने बताया कि मंदिर को भव्य एलईडी प्रकाश सज्जा, रंग-बिरंगी पुष्पमालाओं और दीपों से सुसज्जित किया जाएगा। संपूर्ण वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहेगा, जहाँ भक्तगण दिव्य माहौल में माँ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
आयोजन समिति के सदस्य रमेश सिंघल, पियूष सिंघल, गोपाल जिंदल और राजेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विधिवत मंत्रोच्चार, पंचपूजा, सहस्त्रनाम पाठ तथा कमल पुष्प, फल एवं मेवे अर्पित कर माँ महालक्ष्मी का पूजन किया जाएगा। मंत्रध्वनि से गुंजायमान परिसर भक्तों को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराएगा। यह अनुष्ठान न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक श्रद्धा का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।
पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने बताया कि सभी ट्रस्टी और सदस्य पूरे समर्पण भाव से अपनी सेवाएँ देंगे। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण के साथ-साथ रात्रि भोज की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंदिर प्रबंधन समिति, पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष वी के जैन, अनुराधा शर्मा, मनीषा बंसल, आशु अग्रवाल, मीना गर्ग और पूजा गोयल ने समस्त समाज एवं श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माँ महालक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त करने का विनम्र आग्रह किया है। 27 फरवरी का यह दिव्य आयोजन श्रद्धा, विश्वास और भक्ति का उज्ज्वल उत्सव सिद्ध होगा।




