Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली:
पश्चिम विहार ईस्ट थाना इलाके में सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने पल्सर बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसा मेट्रो पिलर नंबर 213 के पास पंजाबी बाग से पीरागढ़ी चौक की ओर जा रही सड़क पर हुआ। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पीरागढ़ी कैंप के कृष्ण मोहन के रूप में हुई है। आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात 11:13 बजे पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस को जानकारी मिली कि ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक का शव सड़क पर पड़ा मिला। ट्रक भी मौके पर खड़ा मिला और बाइक भी वहीं पर थी। आम लोगों ने ट्रक को रोक लिया और ड्राइवर को पकड़ लिया। ड्राइवर की पहचान उत्तर प्रदेश के कन्नौज के सौरभ कुमार के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक युवक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।




