Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एएटीएस टीम ने नरेला-अलीपुर रोड पर सोनू दरियापुर गैंग के एक वांटेड गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रह्लादपुर बांगर के आर्यन के रूप में हुई है। वह सुल्तानपुरी थाना इलाके में फायरिंग मामले में 19 मार्च से फरार चल रहा था। उसके पास से पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आउटर नॉर्थ की एएटीएस टीम को जानकारी मिली थी कि सोनू दरियापुर गैंग का एक खूंखार गैंगस्टर सुल्तानपुरी फायरिंग मामले में फरार है और इलाके में आ सकता है। टीम ने जाल बिछाकर नरेला-अलीपुर रोड के पास आरोपी को घेर लिया। इसके बाद उसे दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उससे पिस्टल व दो कारतूस बरामद हुए। इसके बाद एनआईए थाने में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आर्यन ने पूछताछ में बताया कि उसने हाल ही में अपने प्रतिद्वंद्वी अरुण दिल्ली गैंग पर सुल्तानपुरी थाने में फायरिंग की थी। इस मामले में उसके अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन वह फरार चल रहा था। उसका प्लान और हथियार जुटाकर सोनू दरियापुर गैंग को मजबूत करने और ज्यादा युवाओं को गैंग में शामिल करने का था। आरोपी पर पहले भी आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से गैंग के अन्य सदस्यों, हथियारों के स्रोत और आगे की साजिशों के बारे में पूछताछ कर रही है।




