
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 जून। गुरुग्राम में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए ट्रैवलर एजेंट पर आरोप लगाया है। युवक हाल ही में मॉरिशस से लौटा था।
उत्तरप्रदेश के महाराजगंज जिले के गांव धरमौली का रहने वाला सुभाष यादव यहां डूंडाहेड़ा में एक किराए के मकान में रह रहा था। चार बहनों का इकलौते भाई सुभाष की लाश सीढ़ी पर फंदे से लटकी मिली। दूसरे किराएदारों ने जब उसे मृत हालत में पाया तो इसकी सूचना पुलिस को दी। था।
बताया जा रहा है सुभाष 14 जून को नौकरी के लिए मॉरिशस गया था। उसने मुंबई से एयर इंडिया की फ्लाइट ली थी, लेकिन वीजा संबंधी कुछ डॉक्यूमेंट्स खामियों के चलते उसे मॉरिशस में एंट्री नहीं मिली। जिसके बाद 17 जून को उसे वापस इंडिया डिपोर्ट कर दिया गया था। वह फ्लाइट से मुंबई एयरपोर्ट पर उतरा था।
जिसके बाद वह गांव नहीं लौटा और दिल्ली होते हुए गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा में आ गया। सुभाष नौकरी तलाशने लगा था। सुभाष की लाश रविवार शाम को मकान की छत पर संदिग्ध हालत में मिली। सूचना मिलने पर उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को कब्जे में लिया। सुभाष के मोबाइल से परिजनों का नंबर निकाल कर सुभाष के बड़े भाई प्रभुनाथ यादव को इसकी जानकारी दी।
सुभाष की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन तुरंत गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए।सुभाष की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सुभाष शादीशुदा था। परिजनों को यकीन नहीं हो रहा कि वह अब उनके बीच में नहीं है।
इस बीच सुभाष की मौत स्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें उसे बांस की सीढ़ी से नरकुल की रस्सी के सहारे करीब तीन फीट की ऊंचाई पर लटकता हुआ देखा जा सकता है।
उधर, परिजनों ने सुभाष की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए इसे साजिशन हत्या बताया है। उनका आरोप है कि सुभाष कभी आत्महत्या नहीं कर सकता, उसकी हत्या की गई है और इसके पीछे विदेश भेजने वाला एजेंट भी जिम्मेदार है। परिजनों ने थाने की पुलिस से मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।