Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
नारायणा इलाके में सुबह-सुबह तीन नाबालिग लड़कों ने एक ऑटो ड्राइवर को चाकू से घायल करके लूट लिया। उसकी पहचान इंद्रपुरी के कैलाश के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस की वेस्ट जिले की टीम ने इस मामले को सुलझाते हुए तीन नाबालिगों को पकड़ा है। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया। नारायणा थाना पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

वेस्ट जिले के डीसीपी दरादे शरद भास्कर ने बताया कि रात करीब 3 बजे नारायणा थाना पुलिस को नारायणा फ्लाईओवर के पास ऑटो ड्राइवर को लूटने की जानकारी मिली थी। पुलिस को जांच के दौरान पता लगा कि ऑटो ड्राइवर कैलाश इंदरपुरी का रहने वाला है। उसकी शिकायत पर नारायणा थाने में केस दर्ज किया गया। टीम ने मौके और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन लड़के भागते दिखे, जिन्हें कैलाश ने पहचान लिया। पुलिस ने नारायणा गांव में छापेमारी की और तीनों नाबालिगों को उनके किराए के कमरे से पकड़ लिया। पकड़े गए तीनों नाबालिगों में से एक नौवीं पास है और नारायणा में आइसक्रीम की रेहड़ी चलाता है। दूसरा लड़का भी नौवीं पास है और आइसक्रीम रेहड़ी पर काम करता है। वहीं तीसरा लड़का नारायणा में मोबाइल रिपेयरिंग शॉप पर काम करता है।
पूछताछ के दौरान एक नाबालिग के इशारे पर पुलिस ने रसोई का चाकू बरामद किया, जिससे कैलाश पर वार किया गया था। तीनों को ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया है। पुलिस अब यह देख रही है कि इनके और कोई पुराने मामले तो नहीं हैं।




