Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
आउटर नॉर्थ जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम ने नरेला इलाके से एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नरेला की पिंकी के रूप में हुई है। उसके पास से 179 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। इसकी कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह तस्कर नशा कहां से लेकर आती थी और आगे किसको बेचती थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आउटर नॉर्थ जिले में ड्रग अवेयरनेस वीक चलाया गया है। इस दौरान एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड के इंस्पेक्टर गौरव चौधरी की टीम को जानकारी मिली थी कि नरेला सेक्टर-ए6 में नशीले पदार्थ रखे और बेचे जा रहे हैं। पुलिस ने जाल बिछाया और रात के समय छापा मारा। घर की तलाशी के दौरान पिंकी नाम की 23 साल की महिला को पकड़ा गया। पूछताछ पर उसने खुद ही 179 ग्राम हेरोइन/स्मैक निकालकर पुलिस को सौंपा। इसकी कीमत करीब सवा करोड़ रुपये है। पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पता लगा कि पिंकी अनपढ़ है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह हेरोइन कहां से आई थी और आगे किस-किस तक सप्लाई होती थी।
जिले में ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम चल रहा है। कोई भी नशे के काले धंधे में लिप्त पाया गया तो उसे तुरंत पकड़कर कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से अपील है कि अगर आसपास कोई भी नशा बेचता, नशा खरीदता या संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
अमित कौशिक, एडिशनल डीसीपी, आउटर नॉर्थ




