Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
रोहिणी जिले की बुद्ध विहार थाना पुलिस ने गोगी गैंग और दिनेश कराला गैंग से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य फाइनेंसर और हथियार सप्लायर समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली के कराला गांव के राहुल माथुर उर्फ डॉगरा, आदित्य उर्फ बोबी, कुणाल उर्फ कूकू सुरेंद्र उर्फ काला उर्फ सुरेंद्र सिंह और उत्तर प्रदेश के हापुड़ के हृदयापुर गांव के इकबाल के रूप में हुई है।
राहुल माथुर उर्फ डॉगरा इस गैंग का मुख्य फाइनेंसर और सुरेंद्र उर्फ काला हथियार सप्लायर है। पुलिस को आरोपियों से 17 अवैध हथियार बरामद हुए हैं, जिनमें तीन विदेशी पिस्टल (ग्लॉक, बेरेटा) भी शामिल हैं। इसके अलावा 106 कारतूस और दो कार भी जब्त की गई हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

स्पेशल सीटी लॉ एंड ऑर्डर रविंद्र सिंह यादव ने बताया कि बुद्ध विहार थाना पुलिस को गोगी गैंग से जुड़े हथियार तस्कर के बारे में जानकारी मिली थी। उस जानकारी पर काम करते हुए सबसे पहले राहुल उर्फ डॉगरा को पकड़ा गया। राहुल पुलिस को देखकर अपनी महिंद्रा थार में रॉन्ग साइड से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा किया और दबोच लिया।
पूछताछ में उसके दो साथियों के नाम सामने आए। इसके बाद उसके साथी कुणाल उर्फ कूकू और आदित्य उर्फ बोबी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि सुरेंद्र उर्फ काला गिरोह का मुख्य हथियार सप्लायर है। वह पहले से ही जेल में बंद था, इसलिए कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट लेकर उसे इस मामले में भी गिरफ्तार किया गया।
सुरेंद्र की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के हृदयापुर गांव में छापा मारा गया और वहां से इकबाल नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो दिल्ली-एनसीआर के कई गैंगों को हथियार सप्लाई करता था। उनके पास से 17 अवैध हथियार बरामद किए गए। इसके अलावा 106 कारतूस और दो कार भी जब्त की गई।
गैंग राइवलरी के चलते जुटा रहे थे हथियार
पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी दिनेश कराला/ गोगी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। टिल्लू और चिचड़ गैंग से चल रही दुश्मनी के कारण वे अवैध हथियार जुटा रहे थे। ये गैंग दिल्ली के बाहरी इलाकों में एक्सटॉर्शन और जमीन कब्जाने का काम करते हैं। सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर युवाओं और नाबालिगों को गैंग में शामिल करने की कोशिश भी की जाती थी। सुरेंद्र काला पिछले 4-5 साल से सैकड़ों हथियार सप्लाई कर चुका है।




