Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव की अरावली की पहाड़ियों में स्थित टूरिस्ट स्पॉट लेपर्ड ट्रेल पर एक ब्लैक महिंद्रा थार गहरे गड्ढे में पलट गई। इसमें कार सवार युवक बाल-बाल बच गए। खबर लिखे जाने तक कार पलटकर दो पहियो पर पड़ी थी। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को ज्यादा चोट लगने की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की गाड़ी में कुछ युवक लेपर्ड ट्रेल पर घूमने जा रहे थे। इस दौरान कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। अचानक से मोड पर गाड़ी संभल नहीं पाई। रफ्तार काफी तेज होने की वजह से चालक के हाथ पैर फूल गए और कार पलटकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस वजह से थार क्षतिग्रस्त हो गई। यहां से गुजर रहे राहगीरों की मदद से युवकों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। कार सवार सभी युवकों को मामूली खरोंचें आई हैं। गनीमत रही कि कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। इस मामले में बादशाहपुर थाना पुलिस को जानकारी मिली है। खबर लिखे जाने तक कोई शिकायत नहीं मिली है, इसलिए केस भी दर्ज नहीं किया गया है।
पहाड़ी पर अक्सर होते हैं हादसे
लेपर्ड ट्रेल इलाके में वाहनों की तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पिछले साल यहां एक बाइक सवार लड़की की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।




