Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के भांगरौला गांव में बुधवार सुबह एक महिला का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की पहचान 30 वर्षीय रेखा के रूप में हुई है, जो अपने पति गौरव के साथ गांव में किराए के मकान में रहती थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रेखा की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। वारदात के बाद से उसका पति फरार है।

सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला का शव उसके घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे पड़ा मिला। शरीर पर चाकू के कई गहरे निशान थे और कपड़े खून से सने हुए थे।
पुलिस जांच में पता चला है कि रेखा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली थी। उसकी शादी गौरव से अरेंज मैरिज के जरिए हुई थी। दोनों पिछले कुछ समय से भांगरौला गांव में किराए पर रह रहे थे। गौरव मानेसर की एक निजी कंपनी में काम करता है।
आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। माना जा रहा है कि घरेलू विवाद के बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।
पुलिस ने रेखा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। साथ ही आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के भागने का रास्ता और वारदात की पूरी कड़ी सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असली वजह पूरी तरह साफ हो पाएगी।
