Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 05 मई 2026 :गुरुग्राम के सरस्वती एन्क्लेव इलाके में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 02 मई 2026 को थाना सेक्टर-10 गुरुग्राम पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली थी कि सरस्वती एन्क्लेव निवासी 41 वर्षीय ममता देवी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
शुरुआती पूछताछ में मृतका के पति ने पुलिस को बताया था कि वह शाम करीब 5:30 बजे घर से बाहर गया था। वापस लौटने पर उसकी पत्नी घर में लेटी हुई मिली। उसने बताया कि पत्नी ने तबीयत खराब होने की बात कही थी, लेकिन कुछ देर बाद वह बेसुध हो गई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की मौत का कारण बीपी लो या हार्ट अटैक बताया था।
पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के तहत शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। 03 मई 2026 को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि ममता देवी की मौत गला दबाने से हुई है। इसके बाद थाना सेक्टर-10 में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में कार्रवाई करते हुए सेक्टर-10 थाना पुलिस ने 05 मई 2026 को आरोपी पति हरि गोपाल शर्मा (46), निवासी सरस्वती एन्क्लेव, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब पीने का आदी है और पिछले करीब एक महीने से बेरोजगार था। वह अक्सर शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगता था। पत्नी के मना करने और पैसे नहीं देने पर आरोपी ने गुस्से में आकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल केस की जांच जारी है।
