Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में आज राष्ट्रीय लोक अदालत, लंबित मामलों के समाधान का मौका
गुरुग्राम जिला न्यायालय परिसर में आज राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (DLSA) की ओर से आयोजित इस लोक अदालत में ट्रैफिक चालान, चेक बाउंस समेत कई लंबित मामलों का आपसी सहमति से जल्दी और निशुल्क समाधान किया जाएगा

यह आयोजन पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष दीपक सिब्बल के मार्गदर्शन में होगा। वहीं जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सूरा इसकी निगरानी करेंगे।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं DLSA सचिव निशा ने बताया कि लोगों को कोर्ट के लंबे चक्कर और अतिरिक्त खर्च से बचाने के लिए लोक अदालत एक आसान और प्रभावी विकल्प है।
उन्होंने बताया कि इस बार कुल 21 बेंच बनाई गई हैं। इनमें 8 बेंच ट्रैफिक चालान मामलों और 5 बेंच चेक बाउंस मामलों के लिए लगाई गई हैं। इसके अलावा सोहना और पटौदी में भी एक-एक बेंच बनाई गई है।
आम लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से दो हेल्प डेस्क भी लगाए गए हैं। एक हेल्प डेस्क कोर्ट परिसर के गेट नंबर-2 के पास स्थित मध्यस्थता केंद्र में और दूसरा कोर्ट परिसर के अंदर रहेगा।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर अपने लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण तरीके से समाधान करवाएं।
किसी भी सहायता के लिए लोग जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम के हेल्पलाइन नंबर 0124-2221501 पर संपर्क कर सकते हैं।
