Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में लगा फ्री हेल्थ चेकअप कैंप, लोगों ने उठाया लाभ
गुरुग्राम के आर्य समाज मंदिर, 4-8 मरला में रविवार को फ्री हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया। इस कैंप का आयोजन पंजाबी बिरादरी महासभा, गुरुग्राम की तरफ से समाजसेवी स्वर्गीय सुभाष खरबंदा की पुण्य स्मृति में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन गुरुग्राम की महापौर राजरानी मल्होत्रा ने किया।

सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस हेल्थ कैंप में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाई। कैंप में जनरल फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, आंखों के डॉक्टर और हार्ट स्पेशलिस्ट मौजूद रहे। लोगों को मुफ्त परामर्श के साथ जरूरी हेल्थ जांच की सुविधा भी दी गई।
कैंप में डॉ. सुभाष खन्ना, डॉ. जॉय चक्रवर्ती, डॉ. विक्रांत खन्ना, डॉ. एनपीएस वर्मा, डॉ. मधुर जैन, डॉ. नीति कुमार खन्ना और डॉ. अन्नू आहूजा समेत कई विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की और जरूरी सलाह दी।
इस दौरान लोगों को CPR यानी कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन की बेसिक ट्रेनिंग भी दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि हार्ट अटैक या अचानक बेहोशी जैसी इमरजेंसी स्थिति में CPR किसी व्यक्ति की जान बचाने में मदद कर सकता है। कैंप में मौजूद लोगों ने इस ट्रेनिंग में काफी रुचि दिखाई।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कैंप का मकसद लोगों तक बेसिक हेल्थ सुविधाएं पहुंचाना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।

