Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
मानेसर में 42 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, अपहरण के बाद शव झज्जर में फेंका, 2 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर इलाके में आपसी झगड़े के बाद एक 42 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक, 15 मई 2026 को थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर में शिकायत दी गई थी कि ढाणी शंकर बास कुसला में रहने वाले रामशरण का पड़ोस में रहने वाले नीरू और संदीप के साथ झगड़ा हुआ था। बाद में दोनों आरोपी रात के समय रामशरण को जबरदस्ती कार में डालकर अपने साथ ले गए। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
जांच के दौरान पुलिस को रामशरण का शव झज्जर जिले के दुलीना इलाके में मिला। शव मिलने की सूचना मृतक के परिवार को दी गई, जिसके बाद केस में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केएमपी एक्सप्रेसवे के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान संदीप (36) निवासी चरखी दादरी और नीरज उर्फ नीरू (22) निवासी कोटकासिम, राजस्थान के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे को पहले से जानते थे और 14 मई की रात हुए झगड़े के बाद आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई। दोनों रामशरण को कार में बैठाकर ले गए और रास्ते में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झज्जर इलाके में फेंक दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मानेसर स्थित SND मारुति कंपनी में काम करते हैं, जबकि मृतक भी आईएमटी मानेसर की एक कंपनी में नौकरी करता था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
