Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम की पॉश सोसायटी में लाखों की इम्पोर्टेड शराब पकड़ी, पुलिस और एक्ससाइज विभाग की संयुक्त कार्रवाई
गुरुग्राम में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और एक्ससाइज विभाग की टीम ने सेक्टर 31 स्थित नवकेतन सोसायटी में बड़ी छापेमारी की। इस दौरान टीम ने लाखों रुपए कीमत की इम्पोर्टेड अवैध शराब बरामद की है।

जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान मौके से इम्पोर्टेड शराब की कुल 292 बोतलें बरामद हुईं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब बिना वैध परमिट और नियमों के स्टॉक की गई थी।
यह कार्रवाई गुरुग्राम पुलिस और एक्ससाइज विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। रेड के दौरान पूरे इलाके में हलचल मच गई। पुलिस ने मौके से मिले सबूतों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

इस मामले में आरोपी की पहचान विक्रम यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब सप्लाई का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पंजाब एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पूरे मामले के बाद पॉश सोसायटी में रहने वाले लोग भी हैरान हैं कि रिहायशी इलाके के अंदर इतने बड़े स्तर पर अवैध शराब का स्टॉक रखा गया था।
