Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम (MCG) की टीम ने शनिवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वजीराबाद क्षेत्र में ताबड़तोड़ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथों पर कब्जा कर रेहड़ियां लगाने वालों पर कार्रवाई करते हुए 2 दर्जन से अधिक रेहड़ियों को जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई ताऊ देवीलाल पार्क के आसपास की गई, जहां बड़ी संख्या में रेहड़ी चालक सड़क किनारे और फुटपाथों पर अवैध रूप से अपना सामान बेच रहे थे। इससे पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और कई बार लोगों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता था, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता था।

नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले रेहड़ियों से सामान उतरवाया और इसके बाद उनकी गाड़ियों को जब्त कर लिया। इस दौरान कुछ रेहड़ी चालकों ने विरोध भी जताया, लेकिन टीम ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई जारी रखी।
अधिकारियों ने सभी रेहड़ी चालकों की व्यक्तिगत जानकारी दर्ज की और उन्हें भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। साथ ही, उन्हें अपना सामान वापस ले जाने की अनुमति दे दी गई।
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से नगर निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इन रेहड़ियों के कारण फुटपाथ पूरी तरह घिर जाते हैं और खरीदारी करने आने वाले लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है।
एमसीजी की इस कार्रवाई को शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और आम जनता को राहत देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




