Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में 25 हजार का ईनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध हथियार सहित गिरफ्तार
गुरुग्राम, 27 फरवरी 2026। हरियाणा के गुरुग्राम जिले में अपराध शाखा मानेसर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से जेल फरार 25 हजार रुपये के ईनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, 26/27 फरवरी की रात उप-निरीक्षक मनोज कुमार, इंचार्ज अपराध शाखा मानेसर को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि कन्नौज जेल से फरार एक शातिर आरोपी अवैध हथियार के साथ बाइक पर सवार होकर पचगांव चौक से गांव खोह कासन की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए विशेष टीम गठित की गई और पचगांव चौक के पास गोलू होटल के नजदीक नाकाबंदी की गई।
कुछ समय बाद एक संदिग्ध बाइक सवार नाके की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने बाइक गिराकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन वह लगातार फायरिंग करता रहा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह गिर गया और उसे मौके पर काबू कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार उर्फ गुड्डा (24) निवासी हजूरापुर, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गांव खोह, गुरुग्राम के रूप में हुई है। मुठभेड़ में कुल पांच राउंड फायर हुए, जिनमें तीन आरोपी की ओर से और दो पुलिस की ओर से चलाए गए।
पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और पांच खाली खोल कारतूस बरामद किए हैं। घटना की सूचना थाना मानेसर, सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीमों को दी गई, जिन्होंने मौके का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी अवैध हथियार के मामले में जिला कन्नौज जेल में बंद था और जनवरी 2026 में फरार हो गया था। उत्तर प्रदेश पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ चोरी, लूट और शस्त्र अधिनियम के तहत छह मामले पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डिस्चार्ज होने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच जारी है।




