Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा एस+4 पॉलिसी पर रोक के बाद हरियाणा सरकार ने शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान की शुरुआत कर दी है। इसी कड़ी में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (एन्फोर्समेंट) गुरुग्राम ने शनिवार को DLF फेज-1 से “अतिक्रमण विरोधी महाअभियान” का आगाज़ किया।
पहले ही दिन प्रशासन ने अपनी मंशा साफ कर दी—कार्रवाई सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर असर दिखाने वाली है। विभाग की आठ टीमों ने एक साथ शहर की विभिन्न लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में छापेमारी करते हुए सैकड़ों अवैध निर्माणों और अस्थायी ढांचों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से कई इलाकों में सड़कें, पार्क और सार्वजनिक स्थान दोबारा खुल गए।
इस पूरे अभियान की कमान डीटीपीई (एन्फोर्समेंट) अमित मधोलिया के हाथों में रही। उनके नेतृत्व में एटीपी और प्लानिंग असिस्टेंट स्तर के अधिकारियों की टीमें अलग-अलग जोन में तैनात रहीं और समन्वित तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पहले दिन की बड़ी कार्रवाई (आंकड़ों में)
215+ गार्ड रूम और पोर्टा केबिन ध्वस्त
250+ पार्कों पर कब्जे हटाए गए
100+ रैंप और सीढ़ियां तोड़ी गईं
110+ चारदीवारी और फेंसिंग हटाई गई
50+ अवैध गेट और बैरियर हटाए गए
40+ दुकानें, टिन शेड और कियोस्क हटाए गए
50+ टॉयलेट और लेबर क्वार्टर ध्वस्त
300+ स्थानों से सामान्य अतिक्रमण साफकिन-किन इलाकों में चला बुलडोजर?
DLF फेज-1:
बोधी मार्ग, अर्जुन मार्ग, पश्चिम मार्ग और सी-15 रोड जैसे प्रमुख इलाकों में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई। यहां गार्ड रूम, कियोस्क और पार्कों पर किए गए अवैध कब्जे हटाए गए।
साउथ सिटी-1:
सड़कों को पूरी तरह क्लियर करने के लिए गार्ड रूम, टिन शेड, लेबर क्वार्टर और अवैध गेट हटाए गए।
पालम विहार:
चारदीवारी, फेंसिंग और गार्ड रूम हटाकर बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया।
अन्य कॉलोनियां:
सुशांत लोक-3, रोजवुड सिटी, आरडी सिटी, मालिबू टाउन और सनसिटी में भी टीमों ने रैंप, बैरियर और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाकर सार्वजनिक स्थानों को मुक्त कराया।
हाईकोर्ट और सरकार के निर्देश
16 अप्रैल को हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल द्वारा जारी निर्देशों में साफ कहा गया था कि सभी विभाग सड़कों के राइट ऑफ वे (ROW) को अतिक्रमण मुक्त करें और S+4 मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। इस पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट 22 अप्रैल तक पेश की जानी है।
पहले चेतावनी, फिर कार्रवाई
अभियान शुरू करने से पहले विभाग ने लोगों से अपील की थी कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें। लेकिन निर्देशों की अनदेखी करने वालों पर अब बिना किसी छूट के सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अभियान अभी जारी रहेगा
डीटीपीई अमित मधोलिया ने साफ कर दिया है कि यह सिर्फ शुरुआत है। आने वाले दिनों में गुरुग्राम की सभी लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और खुद ही अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें—वरना बुलडोजर तैयार खड़ा है।





