
जमानत मिलने के बाद फरार हो गया था आरोपी
फरारी के दौरान नाम, भेष बदलकर असम तथा नेपाल में रहा आरोपी
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 अप्रैल। गुरुग्राम पुलिस ने 25 साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी की तलाश थी। आरोपी पुलिस से बचने के लिए नाम बदल-बदल कर कभी असम में तो कभी नेपाल में रह रहा था। स्थानीय अदालत ने जमानत मिलने के बाद फरार होने पर आरोपी को भगौड़ा घोषित कर रखा था। पुलिस ने आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना शहर पुलिस ने 2 अक्टूबर 1997 को एक व्यक्ति पर गोली चलने के आरोप में शस्त्र अधिनियम व आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने इस मामले में थापा उर्फ राजकुमार निवासी नेपाल को गिरफ्तार किया था। अदालत से जमानत मिलने के बाद थापा फरार हो गया था। जिसके बाद स्थानीय अदालत ने थापा को भगौड़ा घोषित कर दिया था। गुरुग्राम पुलिस ने भी थापा पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस टीम ने आज इस मामले में थापा को सहारा मॉल से गिरफ्तार किया। थापा से पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह पुलिस से बचने के लिए नेपाल व असम के विभिन्न स्थानों पर अपना नाम व पहचान बदलकर रहा, ताकि पुलिस इसकी पहचान ना कर पाए।
थापा के अपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से पता चला कि उसपर शस्त्र अधिनियम, लूट करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत 6 मामले गुरुग्राम में दर्ज हैं।