
आरोपी की गलत आदतों के कारण घर आने से कर दिया था मना
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 12 जनवरी। गुरुग्राम के पास मोजी वाला कुआं में घर आने से मना करने पर एक युवक ने अपने दोस्त के पिता को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल अवस्था में दोस्त के पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक गिरफ्तार कर लिया है। घटना 7 जनवरी को तड़के करीब 3.20 बजे की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम को 7 जनवरी को एक सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदीप कटारिया को निवासी गुड़गांव गांव नजदीक मोजी वाला कुआं में गोली मारी दी है। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची जहां घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची जहां घायल व्यक्ति की पत्नी ने पुलिस टीम को शिकायत दी कि 07 जनवरी की तड़के लगभग 3:20 बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब देखा तो एक व्यक्ति तनमय भारद्वाज पिस्टल लिए खड़ा था। उसे देखकर तनमय भारद्वाज घटना स्थल से भाग गया। तभी उसे अपने पति के कहराने की आवाज आई जिसको गोली लगी थी। उन्होंने पति संदीप को अस्पताल में भर्ती करवाया। गोली चलाने वाले तनमय भारद्वाज का उनके घर आना जाना था, लेकिन उसकी गलत हरकतों को देखते हुए उन्होंने उसका अपने घर पर आना-जाना बंद कर दिया था। जिससे वह रंजिश रखता था और उसने मेरे पति को गोली मार दी। शिकायत पर थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया। अपराध शाखा पालम विहार पुलिस टीम ने आरोपी को 10 जनवरी को गुरुग्राम से काबू किया। आरोपी की पहचान तनमय निवासी गुड़गांव गांव मोजी वाला कुआं 8 बिस्वा गुरुग्राम के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी का पीड़ित के घर आना-जाना था। घायल संदीप का लड़का तथा आरोपी तनमय दोस्त थे। आरोपी तनमय को नशे की लत लग चुकी थी। जिस कारण संदीप ने उसको घर आने से मना कर दिया था तथा एक दो बार धमका दिया था। जिसकी रंजिश रखते हुए आरोपी ने संदीप की रिवाल्वर से ही उसको गोली मार दी।