Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में कूड़ा उठाने को लेकर विवाद, फायरिंग के बाद 4 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम के सेक्टर-70 स्थित ट्यूलिप चौक पर कूड़ा उठाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल भी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 8 मई को बादशाहपुर थाना पुलिस को ट्यूलिप चौक एसपीआर रोड पर लड़ाई और गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट हुई और फायरिंग भी की गई।
इस घटना में एक पक्ष से प्रदीप को गोली लगी, जबकि दूसरे पक्ष से नवदीप उर्फ गोलू घायल हुआ। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट और BNS की धाराओं के तहत अलग-अलग दो केस दर्ज किए।
जांच के दौरान पुलिस ने नवदीप उर्फ गोलू निवासी कादरपुर, संदीप निवासी तिगरा, मोनू और प्रदीप निवासी रिठौज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने नवदीप के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद की है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
