Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों से जबरन पैसे वसूलने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला IMT मानेसर के सेक्टर-7 इलाके का है, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, 11 मई को एक चिकन शॉप चलाने वाले दुकानदार ने शिकायत दी थी कि राजेंद्र नाम का युवक उसकी दुकान पर आया और इलाके में काम करने के बदले पैसे मांगने लगा। आरोप है कि उसने दुकानदार के गल्ले से 1 हजार रुपए निकाल लिए। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-7 IMT मानेसर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 12 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 29 वर्षीय राजेंद्र निवासी गांव बास कुसला, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इलाके के रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे दुकानदारों को धमकाकर पैसे वसूलता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी गांव का दबदबा दिखाकर लोगों में डर पैदा करता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गुरुग्राम पुलिस ने साफ कहा है कि शहर में उगाही, धमकी और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। खासतौर पर छोटे व्यापारियों को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
