Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
IPS शिवास कविराज ने संभाला गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर का पद, ट्रैफिक और कानून व्यवस्था सुधार पर रहेगा फोकस
गुरुग्राम में नए पुलिस कमिश्नर के रूप में 1999 बैच के IPS अधिकारी शिवास कविराज ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह पंचकूला में पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात थे। गुरुग्राम पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

कार्यभार संभालने के बाद शिवास कविराज ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और पुलिस व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि आम लोगों की सुरक्षा, तेज पुलिस रिस्पॉन्स और जनता के साथ बेहतर तालमेल को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम को अपराध मुक्त बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
महिला सुरक्षा, बढ़ते साइबर अपराधों पर रोक, नशे के खिलाफ कार्रवाई और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा। सड़क हादसों को कम करने और ट्रैफिक सिस्टम मजबूत करने पर भी पुलिस विशेष फोकस करेगी।
नए पुलिस कमिश्नर ने कहा कि लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और उनका जल्द समाधान करने की कोशिश होगी। साथ ही समय-समय पर आम लोगों के साथ बैठक कर सहयोग लिया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण शहर है। ऐसे में कानून व्यवस्था मजबूत रखना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। गुरुग्राम पुलिस पारदर्शिता और प्रोफेशनल तरीके से काम करते हुए जनता का भरोसा और मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।
