Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
अगर आपके मोबाइल पर ट्रैफिक चालान बकाया होने का मैसेज आए और उसमें किसी लिंक पर तुरंत पेमेंट करने के लिए कहा जाए, तो सावधान हो जाइए। गुरुग्राम में इसी तरह के एक फर्जी e-Challan मैसेज के जरिए साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के खाते से ₹3 लाख उड़ा दिए।

मामले में कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस की साइबर अपराध दक्षिण टीम ने गिरोह के एक सदस्य को अंधेरी, मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस जांच के अनुसार पीड़ित के मोबाइल पर एक टेक्स्ट मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि उसके वाहन का चालान बकाया है और तुरंत भुगतान न करने पर कार्रवाई हो सकती है। मैसेज में एक लिंक भी दिया गया था। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते की जानकारी साइबर ठगों तक पहुंच गई और कुछ ही देर में खाते से करीब ₹3 लाख निकाल लिए गए।
साइबर पुलिस का कहना है कि आजकल फर्जी e-Challan, KYC अपडेट, बैंक अलर्ट और डिलीवरी मैसेज के नाम पर लोगों को ठगने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ठग ऐसे मैसेज इस तरह तैयार करते हैं कि आम आदमी आसानी से झांसे में आ जाए।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ट्रैफिक चालान की जानकारी केवल सरकारी और आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ही चेक करें। अगर कोई संदिग्ध मैसेज या कॉल मिले तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा हथियार है।
