Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के लक्ष्मण विहार इलाके में युवक पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा पालम विहार टीम ने उत्तर प्रदेश के बरेली से पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक 6 मई को सेक्टर-4 पुलिस चौकी को लक्ष्मण विहार में गोली चलने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो वहां से एक देसी कट्टा, एक खाली कारतूस और पास के प्लॉट से बैग में रखे दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
घायल युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के पास गाड़ी से सामान उतार रहा था। इसी दौरान मास्क पहनकर आया एक व्यक्ति उस पर गोली चलाकर फरार हो गया। गोली के छर्रे युवक के चेहरे और आंख में लगे।
शिकायत के आधार पर सेक्टर-9 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विवेक (49), निवासी बरेली को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी और घायल युवक के भाई गौरव ने बरेली में मिलकर एक होटल खोला था। होटल में नुकसान होने के बाद आरोपी आर्थिक तंगी से गुजर रहा था, जबकि गौरव को परिवार से आर्थिक मदद मिल रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश रखने लगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने गौरव को नुकसान पहुंचाने और दबाव बनाने के लिए उसके भाई पर हमला किया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
