Bilkul Sateek News
Reporter: Manuj Sharma
Author: Manuj Sharma
गुरुग्राम के लक्ष्मण विहार की गली नंबर 4 में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक अंजान युवक ने कथित तौर पर देसी कट्टे से फायर कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके पर ही हथियार फेंककर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि लक्ष्मण विहार गली नंबर 4 में गोली चलने की घटना हुई है। सूचना मिलते ही सेक्टर-4 चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने देसी कट्टे से फायर किया, लेकिन गोली किसी व्यक्ति को लगने के बजाय दीवार पर जा लगी। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले का निशाना कौन था और किसी को चोट आई है या नहीं। पुलिस इस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है।

घटनास्थल से पुलिस को देसी कट्टा बरामद हुआ है, जिसे आरोपी भागते वक्त वहीं छोड़ गया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को एक कैमरे में एक संदिग्ध युवक भागता हुआ दिखाई दिया है, जिसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच जारी है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और दहशत का माहौल है।
