
पंजीकरण के लिए क्यूआर कोड स्कैन करें। (Scan the QR code to register.)
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 12 मई। गुरुग्राम जिले के उपायुक्त अजय कुमार ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सिविल डिफेंस से जुड़ने का आह्वान किया है। सिविल डिफेंस वॉलंटियर बनने के इच्छुक लोग 14 मई को ताऊ देवी लाल स्टेडियम में सुबह आठ बजे पहुंच सकते हैं। यहां पर उनका सिविल डिफेंस वॉलंटियर के रूप में पंजीकरण होगा।
मालूम हो कि भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट करवाया गया था। इस दौरान कई जगहों पर ब्लैकआउट सफल नहीं हो पाया था। अब भारत-पाक के बीच संघर्षविराम के बाद प्रशासन ऐसी किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर रहा है। इसलिए सिविल डिफेंस वॉलंटियरों को जोड़े जाने की पहल की जा रही है।
जिला उपायुक्त और कंट्रोलर सिविल डिफेंस अजय कुमार ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे सिविल डिफेंस टीम में शामिल होकर कम्युनिटी सर्विस में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि यदि अपने समुदाय में बदलाव लाना चाहते हैं, तो सिविल डिफेंस वॉलंटियर बनें और आपदा प्रबंधन, जन-जागरूकता अभियान तथा सामुदायिक सेवा में अपनी अहम भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस संगठन सभी जिम्मेदार और प्रतिबद्ध नागरिकों से आह्वान करता है कि वे आगे आएं और जरूरत के समय शहर की सेवा करें।
उन्होंने बताया कि इस अभियान से जुड़कर लोग आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त करें और सार्वजनिक सुरक्षा व जागरूकता में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि सभी लोग संकट के समय एक मजबूत सहयोगी बनें।
इसके पंजीकरण एक क्यूआर कोड भी जारी किया गया है।
इससे पहले चंडीगढ़ में भी सिविल डिफेंस से जुड़ने के लिए हजारों युवाओं को हुजूम उमड़ पड़ा था।