Bilkul Sateek News
नई दिल्ली अजय वर्मा। परिवार सेवा संस्था एक अग्रणी राष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन जो भारत में यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य (एसआरएच) को सुदृढ़ बनाने के लिए कार्यरत है और वर्तमान में 15 राज्यों में गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती सेवाएं और उत्पाद उपलब्ध करा रही है ने आज अपना 47वां स्थापना दिवस बड़े हर्षाेल्लास के साथ मनाया। यह समारोह संस्था के नई दिल्ली स्थित सहायक कार्यालय में आयोजित हुआ।
सन् 1978 में स्थापना के बाद से परिवार सेवा संस्था ने देशभर में सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन, प्रजनन स्वास्थ्य और मातृ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का कार्य निरंतर किया है। संस्था के 29 Stree Clinics जो वर्तमान में भारत के 10 राज्यों में संचालित हैं, महिलाओं को संपूर्ण स्त्री रोग परामर्श, परिवार नियोजन सेवाएं, सुरक्षित गर्भपात सेवाएं, गर्भाशय ग्रीवा और स्तन कैंसर की जांच, प्रसवपूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल (ANC/PNC), बांझपन परामर्श आदि सेवाएं उपलब्ध कराती हैं। इसके अतिरिक्त, संस्था गर्भनिरोधक सामाजिक विपणन कार्यक्रमों, सामुदायिक पहलों, जन-जागरूकता अभियानों तथा सरकार और नागरिक समाज के साथ साझेदारी के माध्यम से लाखों लोगों तक अपनी सेवाएं पहुंचा रही है।

इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष सुधा तिवारी ने कहा, “हमारी यात्रा 46 वर्ष पूर्व शुरू हुई थी और आज भी हम पूरे भारत में Stree Clinics के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण प्रजनन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते हुए समुदायों की देखभाल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा लक्ष्य महिलाओं, पुरुषों और आने वाली पीढ़ियों के जीवन को बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की प्रमुख उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। पिछले वर्ष परिवार सेवा संस्था ने शिक्षा, स्वास्थ्य तथा महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष रूप से केंद्रित कई सामाजिक कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया है।
समारोह के अंत में संस्था की टीम ने ग्राहकों, दाताओं, सहयोगियों, भागीदारों, टीम के सदस्यों, उनके परिवारों और शुभचिंतकों को उनके निरंतर सहयोग और विश्वास के लिए हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया। स्वर्ण जयंती (50 वर्ष) की ओर अग्रसर होते हुए संस्था ने भारत में स्वस्थ परिवार और सशक्त समुदायों के निर्माण के अपने संकल्प को दोहराया।




