Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के रवि नगर में सोमवार सुबह पैकेजिंग गोदाम में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि आग के फैलने से पहले ही कर्मचारी बाहर भागकर आ गए। कुछ ही देर में पूरे गोदाम में आग लग गई। आग की लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है। गोदाम में कागज और पैकेजिंग के सामान जैसी ज्वलनशील सामग्री होने की वजह से आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई। दमकल विभाग की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।

गर्मी बढ़ते ही आगजनी की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। सोमवार सुबह रवि नगर के एक गोदाम में आग लग गई। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग व पुलिस को कॉल किया। दमकल विभाग की दो गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस कर्मी रोड पर वाहनों के आवागमन का ध्यान रखे हैं। अभी तक आग लगने का सटीक कारण पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी। फिलहाल आग बुझाने का काम जारी है। गोदाम में काम करने वाले कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए। अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। आग बुझाने के बाद भी गोदाम में तलाशी ली जाएगी।
कल भी तीन जगह लगी थी आग
बता दें कि गुड़गांव में कल भी तीन जगह आग लगी थी। हीरो होंडा चौक के पास टाटा मोटर्स के वेयरहाउस में आग लगी थी। इसके साथ ही सेक्टर 34 के इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में आग लगी थी। वहीं द्वारका एक्सप्रेसवे के पास कबाड़ में आग लगी थी। आज अभी सुबह ही आग लगने की घटना सामने आ गई। अभी तो गर्मी शुरू भी नहीं हुई है।
दिल्ली में भी सामने आ रही आगजनी की घटनाएं
13 अप्रैल की रात रोहिणी में झुग्गियों में आग लगी थी। इस दौरान पति-पत्नी व दो वर्ष की बच्ची की मौत हो गई थी। इसके बाद नरेला औद्योगिक क्षेत्र में जूता बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगी थी। यूईआर-2 के किनारे गेहूं की फसल में भी आग लगी थी। इसके अलावा कई गाड़ियों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आई थी।




