Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में डेटिंग ऐप Grindr के जरिए युवक को जाल में फंसाकर किडनैप, मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। 22 वर्षीय युवक को पहले ऐप पर बातों में उलझाया गया, फिर कार में अगवा कर सुनसान जगह ले जाकर पीटा गया और उसके मोबाइल से जबरन पैसे ट्रांसफर कराए गए। गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Grindr पर हुई पहचान, फिर शुरू हुआ जाल: पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय युवक गुरुग्राम के कासन गांव में किराए पर रहता है। 4 मई की रात करीब 12:15 बजे वह अपने मकान के बाहर गली में खड़ा था। इसी दौरान सफेद स्विफ्ट कार में आए 4 युवकों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया। आरोपी युवक को कासन पहाड़ियों की तरफ सुनसान इलाके में ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और 50 हजार रुपये की मांग की गई। जान से मारने की धमकी देकर उसका मोबाइल छीना गया और पासवर्ड पूछकर जबरन 2,500 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। मौका मिलते ही युवक वहां से भाग निकला और पुलिस तक पहुंचा।
4 आरोपी गिरफ्तार, एक परचून चलाता है, दूसरा रैपिडो ड्राइवर: शिकायत मिलने के बाद आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच मानेसर ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष (19), नरेश कुमार (21), शिवम (19) और आशु (25) के रूप में हुई है। ये सभी हरियाणा के भिवानी, चरखी दादरी और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नरेश गुरुग्राम में रैपिडो चलाता है, जबकि आशु मानेसर इलाके में परचून की दुकान चलाता है।
नशे के लिए करते थे वारदात: पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी पीड़ित से पहचान Grindr ऐप के जरिए हुई थी। इसके बाद उन्होंने उसे मिलने के बहाने बुलाया और फिर अगवा कर लूटपाट की। आरोपियों ने यह भी कबूला कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार दादरी से किराए पर ली गई थी। युवक के मोबाइल से ट्रांसफर कराए गए पैसे आरोपी नरेश के बैंक खाते में डलवाए गए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने माना है कि वे नशे के आदी हैं और नशे का खर्च निकालने के लिए इस तरह की वारदात को अंजाम देते थे।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले: गुरुग्राम में Grindr ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर लूटपाट के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के ऐप पर अनजान लोगों से मिलते समय सावधानी जरूरी है।
गुरुग्राम पुलिस अब Grindr कंपनी को भी नोटिस भेजने की तैयारी में है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया या डेटिंग ऐप के जरिए बने अनजान लोगों से मिलने से पहले किसी दोस्त या परिवार वाले को जरूर बताएं।
