गुरुग्राम , 7 फरवरी 2026
गुरुग्राम के सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। स्कूल जा रही एक छात्रा को स्कॉर्पियो कार से टक्कर मारने के आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में छात्रा को दो चोटें आई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 6 फरवरी 2026 को एक युवती ने थाना सेक्टर-14, गुरुग्राम में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसकी बहन सुबह स्कूल जाते समय आदर्श नगर बस स्टैंड के पास स्थित गली से गुजर रही थी, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक स्कॉर्पियो कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के कारण छात्रा सड़क किनारे गिर गई और उसे चोटें आईं। आरोपी चालक ने पास में खड़ी एक स्कूटी को भी टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए आरोपी स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 07 फरवरी 2026 को सेक्टर-04 मार्केट, गुरुग्राम से आरोपी को काबू किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल (19 वर्ष) निवासी गांव सीहोर, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गुरुग्राम में उक्त स्कॉर्पियो गाड़ी पर ड्राइवरी की नौकरी करता है और घटना के दिन सुबह तेज गति व लापरवाही से वाहन चला रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार को भी बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले में अनुसंधान जारी है।



