Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने गुरुग्राम में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में दो नेताओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए कृष्ण गाडोली और पवन धनकोट को तत्काल प्रभाव से पार्टी के सभी पदों से निष्कासित कर दिया है। यह जानकारी जजपा गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकरान ने दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से विस्तृत विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया।

सुरेंद्र ठाकरान ने कहा कि जननायक जनता पार्टी अनुशासन और संगठनात्मक मर्यादा के सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है। ऐसे में किसी भी स्तर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कृष्ण गाडोली और पवन धनकोट को 29 मार्च 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। दोनों से जवाब मांगा गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। साथ ही अन्य राजनीतिक कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी के प्रमाण भी सामने आए, जिसके बाद पार्टी ने यह कड़ा कदम उठाया।
ठाकरान ने कहा कि पार्टी ने पहले कृष्ण गाडोली को नगर निगम गुरुग्राम में पार्षद (काउंसलर) के रूप में नामित कर अहम जिम्मेदारी दी थी, लेकिन उनका मौजूदा आचरण संगठनात्मक अनुशासन और पार्टी के विश्वास के विपरीत पाया गया।
उन्होंने कहा कि जजपा इस समय पूरे हरियाणा में अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। ऐसे समय में कुछ व्यक्तियों द्वारा भटकावे की राजनीति करते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
जिला अध्यक्ष ने दोहराया कि पार्टी नेतृत्व अपने निष्ठावान, समर्पित और अनुशासित कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ा है। साथ ही भविष्य में भी ऐसे कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान और संरक्षण दिया जाएगा।




