Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author’ Pardeep Narula
गुरुग्राम, 1 मार्च। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने भाजपा सरकार पर अपराध नियंत्रण, मुआवजा वितरण और जनकल्याण योजनाओं में भेदभाव के आरोप लगाए। वे गुरुग्राम में आयोजित युवा योद्धा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर हुई है और आमजन को आए दिन धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से लोगों को परेशान किया जा रहा है तथा बुजुर्गों और विधवाओं की पेंशन बिना ठोस कारण के काटी जा रही है।
भारी बारिश और जलभराव से प्रभावित किसानों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि फसल खराबे के मुआवजे में देरी और भेदभाव हुआ। उनका दावा था कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के क्षेत्र नारायणगढ़ और लाडवा में बिना पर्याप्त सत्यापन के 15 से 20 करोड़ रुपये तक का मुआवजा जारी किया गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में कई बार सत्यापन के बाद भी कम राशि दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सड़कों की मरम्मत, गांवों में लाइब्रेरी और सामुदायिक केंद्र जैसे विकास कार्य ठप पड़े हैं। साथ ही केंद्र सरकार के बजट में ग्रामीण विकास की अनदेखी का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए चौटाला ने कहा कि विपक्षी दल जनहित के मुद्दों से भटक रहे हैं। उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के मद्देनजर जेजेपी बूथ स्तर पर बीएलए-2 की नियुक्ति कर फर्जी वोटों की निगरानी करेगी।
कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने 13 मार्च को हांसी में आयोजित होने वाली जन चेतना दिवस रैली में भाग लेने का आह्वान किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।




