Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 6 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-वन ने एक बड़े फर्जीवाड़ा प्रकरण में कार्रवाई करते हुए स्टॉक निवेश में मोटा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर 6 करोड़ रुपये की ठगी करने तथा रुपये वापस मांगने पर धमकी देने के मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
विवरणः 09.09.2025 को आर्थिक अपराध शाखा-वन द्वारा जांच के उपरांत एक शिकायत पुलिस थाना सदर में प्राप्त हुई। जिसमें पीड़ित/शिकायतकर्ता ने सजीश चंद्रन उर्फ साजे बेटेलग्यूज तथा उसके सहयोगी जेस्ना और अंशुमन रॉय द्वारा बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी, वित्तीय ठगी और धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने स्वयं को एक सफल और संपन्न व्यवसायी बताकर, लग्जरी जीवनशैली की झूठी छवि बनाकर तथा ऊंचे मुनाफे का लालच देकर उससे (पीड़ित) भारी धनराशि निवेश करवाई। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने उसके साथ संपर्क बंद कर दिया और कोई लाभ या मूलधन वापस नहीं किया। उसके द्वारा पैसे वापस मांगने पर उसे कथित रूप से धमकी दी कि सारी राशि व्यक्तिगत उपयोग में खर्च कर दी है और दोबारा पैसे मांगे तो उसे व उसके परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी तथा उस पर और अधिक रुपये देने का दबाव बनाया।
अभियोग अंकितः उपरोक्त संबंध में पुलिस थाना सदर में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया तथा आर्थिक अपराध शाखा-वन की पुलिस टीम ने आगामी कार्रवाई व अनुसंधान शुरू किया।
गिरफ्तारीः आर्थिक अपराध शाखा-वन की टीम ने पुलिस प्रणाली एवं पुलिस तकनीकी की सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में आज बोपारा (आसाम) से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान अंशुमन रॉय (उम्र-24 वर्ष, शिक्षा-बीबीए) निवासी टॉउन हॉल बोरपारा बोंगाईगांव (आसाम) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछः प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप आसाम का रहने वाला है और वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गुरुग्राम में ट्रेडिंग का काम करता है। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता को ट्रेडिंग में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाने का लालच दिया और उसका विश्वास जीतने के लिए उसने और उसके साथियों ने अपने आपको एक सफल, संपन्न व्यवसायी बताया तथा उसे लग्जरी जीवनशैली की झूठी छवि दिखाते हुए स्टॉक मार्केट में निवेश से भारी मुनाफा कमाने की बात कही। उनके कहने से उसने (पीड़ित) 6 करोड़ रुपये इन्हें ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए दे दिए, जिनमें से 2 करोड़ 85 लाख उसके (आरोपी अंशुमन) बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। उपरोक्त अभियोग में शिकायतकर्ता/पीड़ित ने उनसे अपने रुपये वापस मांगे तो इन्होंने उसको धमकाया और अक्टूबर-2025 में वह गुरुग्राम से आसाम आ गया, जहां से पुलिस ने इसको गिरफ्तार कर लिया।
आगामी कार्रवाईः पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ करते हुए उसके अन्य साथियों की पहचान, अन्य संभावित वारदातों, ठगी की गई राशि व संबंधित दस्तावेजों की बरामदगी की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।




