Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 18 जनवरी। गुरुग्राम पुलिस ने नकली सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। 34 वर्षीय आरोपी मुकेश कुमार झज्जर जिले का रहने वाला है और राजस्थान के खाटू में किराए का ई रिक्शा चलाता है। स्नातक पास मुकेश ने झज्जर से खाटू बार बार आने जाने के दौरान टोल देने से बचने के लिए नकली SPO का I card और SI की वर्दी बनवाई। जिसका प्रयोग वह टोल टैक्स बचाने और लोगों में रौब जमाने के लिए कर रहा था।
मुकेश को सिविल लाइन्स पुलिस ने शुभम होटल के मैनेजर की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया। होटल रूम लेने के दौरान मैनेजर को मुकेश की हरकत देख शक हो गया था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने उसके पास से 1 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड, 1 SPO पद का फर्जी ID कार्ड और उप-निरीक्षक (SI) पद की 1 पुलिस वर्दी भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17.01.2026 को शुभम होटल के मैनेजर द्वारा पुलिस थाना सिविल लाईन्स में एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि एक व्यक्ति हरियाणा पुलिस के उप-निरीक्षक (SI) की वर्दी पहनकर होटल के रिसेप्शन पर आया और ठहरने के लिए कमरा लिया। होटल स्टॉफ द्वारा पहचान-पत्र मांगे जाने पर उसने आधार कार्ड प्रस्तुत किया। कुछ समय पश्चात वह दोबारा होटल में आया और कमरे के संबंध में अनावश्यक पूछताछ करने लगा। जिससे होटल मैनेजर को संदेह हुआ। पूछताछ करने पर नकली SI घबरा गया और उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन होटल स्टॉफ की सहायता से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह कोई पुलिस अधिकारी नहीं है, बल्कि शौकिया तौर पर वर्दी पहनकर आमजन को डराने एवं रौब दिखाने के उद्देश्य से पुलिसवाला बना है। प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार निवासी गांव कासनी, जिला झज्जर (हरियाणा) के रूप के हुई। आरोपी से पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा कि वह खाटू (राजस्थान) में किराए पर ई-रिक्शा चलाता है। झज्जर से खाटू उसका आना-जाना रहता है। इस दौरान उसे बार-बार टोल टैक्स देना पड़ता था, तो टोल टैक्स से बचने एवं आमजन में पुलिस अधिकारी का झूठा प्रभाव दिखाने के लिए उसने झज्जर में किसी व्यक्ति से 500 रुपये में SPO (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) का एक ID कार्ड बनवाया तथा झाड़ौदा कलां दिल्ली से उसने 2200 रुपये में हरियाणा पुलिस के उप-निरीक्षक की पुलिस वर्दी सिलवाई। फिर वह वर्दी व ID कार्ड का उपयोग टोल टैक्स बचाने और आमजन में रौब दिखाने में कर रहा था।



