तिरुवनंतपुरम और गांधीनगर के बीच होगा खिताबी मुकाबला
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 फरवरी: एसबीआई दिल्ली सर्किल के मार्गदर्शन में तथा सर्किल वेलफेयर कमेटी द्वारा आयोजित एसबीआई इंटर सर्किल क्रिकेट पाँच दिवसीय टूर्नामेंट 2026 अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ चुका है। गुरुग्राम में खेले जा रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के चौथे दिन सेमीफाइनल मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
सेमीफाइनल चरण में विभिन्न ग्रुपों की शीर्ष टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। ग्रुप-बी की विजेता टीम का सामना ग्रुप-सी की शीर्ष टीम से हुआ, जबकि ग्रुप-ए की नंबर-1 टीम ने ग्रुप-डी की विजेता टीम से फाइनल में जगह बनाने के लिए जोर आजमाइश की।
पहले सेमीफाइनल में एसबीआई गांधीनगर और एसबीआई बेंगलुरु की टीमें आमने-सामने रहीं, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में एसबीआई तिरुवनंतपुरम ने एसबीआई हैदराबाद को चुनौती दी। दोनों मुकाबलों में उच्च स्तरीय क्रिकेट, कड़ी प्रतिस्पर्धा और खिलाड़ियों का जुझारू प्रदर्शन देखने को मिला।
मैच अंतिम ओवरों तक रोमांचक बने रहे और खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट टीम भावना का परिचय दिया। इन मुकाबलों के बाद तिरुवनंतपुरम और गांधीनगर ने अपने-अपने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल मैचों का संक्षिप्त विवरण
गांधीनगर बनाम बेंगलुरु
गांधीनगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 190.4 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु की टीम 20 ओवरों में 184/7 रन ही बना सकी और मुकाबला 6 रन से हार गई।
गांधीनगर के मानन अशोक हिंगराजिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 55 गेंदों में 88 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और छह छक्के शामिल थे। गेंदबाजी में भी उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर 1 विकेट लिया। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया।
गेंदबाजी में राकेश ध्रुवे ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
तिरुवनंतपुरम बनाम हैदराबाद
दूसरे सेमीफाइनल में तिरुवनंतपुरम ने 20 ओवरों में 173/7 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 19.3 ओवरों में 161 रन पर सिमट गई। इस तरह तिरुवनंतपुरम ने मुकाबला 12 रन से जीत लिया।
इस मैच के प्लेयर ऑफ द मैच रहे विनोद कुमार, जिन्होंने 24 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें एक चौका और पांच छक्के शामिल थे। साथ ही उन्होंने 3.3 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट भी चटकाए। राकेश ने 40 गेंदों में 55 रनों की उपयोगी पारी खेली। हैदराबाद की ओर से सैयद अहमद क़ादरी ने 3 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए।
फाइनल मुकाबला आज
अब टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला एसबीआई तिरुवनंतपुरम और एसबीआई गांधीनगर के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही हैं और क्रिकेट प्रेमियों को एक बेहद रोमांचक फाइनल की उम्मीद है।



