SHO ‘मंथली’ बयान पर दी सफाई
उनके गढ़ में उन्हें हराया था: राव नरबीर का तीखा हमला
प्रदूषण पर बेबसी-फिलहाल कोई समाधान नहीं
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 18 जनवरी। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और दिग्गज नेता राव इंद्रजीत सिंह के बीच की अदावत अब खुलकर सामने आ गई है। राव इंद्रजीत द्वारा पिछले दिनों दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए राव नरबीर ने उन्हें इतिहास की याद दिलाई है। वहीं, पुलिसिंग और प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों पर भी मंत्री ने बेबाकी से अपनी राय रखी। राव नरवीर सिंह ने राव इंद्रजीत सिंह द्वारा 2009 के चुनाव का जिक्र करने पर पलटवार करते हुए कहा कि शायद “उम्र के तकाजे” के कारण केंद्रीय मंत्री चीजें भूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि महज 26 साल की उम्र में अपने पहले ही चुनाव में राव इंद्रजीत को उनके गढ़ में करारी शिकस्त दी थी। उन्होंने साफ किया कि देश में प्रजातांत्रिक प्रणाली है और अगर उन पर सवाल उठाया जाएगा, तो वे जवाब जरूर देंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने में राव इंद्रजीत और जनता के समर्थन की बड़ी भूमिका रही है।
हाल ही में एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में राव नरबीर ने कहा था कि गुरुग्राम के सभी SHO ‘मंथली’ लेते हैं। इस बयान पर मचे बवाल के बाद अब मंत्री अपने शब्दों से पलटते नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके पास इस बात का कोई पुख्ता सबूत नहीं है। उन्होंने केवल वही कहा जो आम जनता के बीच चर्चा का विषय रहता है।उन्होंने वर्तमान पुलिसिंग की तारीफ करते हुए कहा कि अब व्यवस्था बदल रही है और सरकार धीरे-धीरे ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति की ओर बढ़ रही है।
कांग्रेस नेता राजेश यादव के ठिकानों पर हुई तोड़फोड़ को मंत्री ने जायज ठहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेक्टर 68 और 69 के डिवाइडिंग रोड पर अवैध निर्माण के कारण रास्ते बंद थे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जो भी रास्ते बंद हैं, उन्हें तुरंत खुलवाया जाए। इसी अभियान के तहत कांग्रेसी नेता का ठिकाना ध्वस्त किया गया है। गुरुग्राम और एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर पर्यावरण मंत्री राव नरबीर ने चिंता तो जताई, लेकिन किसी तत्काल राहत से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार के साथ मिलकर कृत्रिम बारिश (Artificial Rain) पर विचार हुआ था, लेकिन दिल्ली में यह कॉन्सेप्ट फेल रहने के कारण हरियाणा में इसे लागू नहीं किया गया। मंत्री ने कहा कि वैज्ञानिकों की रिसर्च जारी है और फिलहाल बिल्डरों व फैक्ट्रियों पर लाखों का जुर्माना लगाकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
राव नरबीर के इस कड़े रुख ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले समय में दक्षिण हरियाणा की राजनीति में वर्चस्व को लेकर खींचतान और बढ़ने वाली है।



