Bilkul STeek NewsReporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एमडी विक्रम सिंह ने फतेहाबाद में की परिचालन मानकों की व्यापक समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
फतेहाबाद, 18 फरवरी 2026।
बिजली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में सख्त संदेश देते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने मंगलवार को सर्कल कार्यालय फतेहाबाद में ऑपरेशन सर्कल की ऑपरेशनल रिव्यू कमेटी (ओआरसी) बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में निगम के विभिन्न परिचालन मानकों, राजस्व स्थिति, उपभोक्ता सेवाओं और विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान लंबित मामलों, पीएम-एसजीएमबी योजना की प्रगति, सोलर बिलिंग से जुड़े लंबित प्रकरणों, सड़कों के बीच स्थित बिजली खंभों के स्थानांतरण, ट्यूबवेल कनेक्शन, खतरनाक लाइनों की शिफ्टिंग, ‘मेरा गांव जगमग गांव’ योजना, बिलिंग दक्षता, लाइन लॉस और एटी एंड सी लॉस जैसे प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही राजस्व वसूली, बिजली चोरी पर कार्रवाई, ट्रांसफॉर्मर डैमेज दर और मरम्मत कार्यों की प्रगति का भी विश्लेषण किया गया।
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी परिचालन मानकों में ठोस सुधार दिखाई देना चाहिए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निगरानी तंत्र को मजबूत करें ताकि गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। उन्होंने अप्रैल तक ट्रांसफॉर्मर और लाइनों के रखरखाव व मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए विक्रम सिंह ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र उपभोक्ताओं तक योजना का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए और नए सौर कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना के तहत सब्सिडी और वित्तीय सहायता समय पर दी जाएगी तथा अंत्योदय परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाएगा। नेट मीटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने और गुणवत्तायुक्त सामग्री की आपूर्ति के लिए विश्वसनीय वेंडरों को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में बिजली चोरी रोकने को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। एमडी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर प्रबंध निदेशक ने टोहाना के कार्यकारी अभियंता को चार्जशीट करने के आदेश दिए। वहीं, सौर ऊर्जा कनेक्शन मामलों में कोताही बरतने पर फतेहाबाद सिटी सब डिवीजन के कंज्यूमर क्लर्क को निलंबित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त रतिया सब डिवीजन में कार्यरत एचकेआरएन कर्मचारी को भी निलंबित करने का आदेश दिया गया। उन्होंने दो टूक कहा कि लापरवाही या ढिलाई किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के उपरांत प्रबंध निदेशक ने फतेहाबाद स्टोर का निरीक्षण भी किया और स्टॉक, उपकरणों की उपलब्धता तथा रखरखाव की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान निदेशक (ऑपरेशन) विपिन गुप्ता, मुख्य अभियंता (कमर्शियल) अनिल शर्मा, मुख्य अभियंता (ऑपरेशन) राजेंद्र सभरवाल, अधीक्षण अभियंता एसके सिंह, सीबीओ वीरेंद्र लांबा, मॉनिटरिंग अधिकारी हरिदत्त और स्टोर कंट्रोलर एसएस कंटूरा सहित मुख्यालय एवं सर्कल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
फतेहाबाद के अधीक्षण अभियंता शिव शंकर राय सहित सभी कार्यकारी अभियंता और उपमंडल अधिकारी बैठक में शामिल हुए। समीक्षा बैठक ने स्पष्ट संकेत दिया कि निगम अब परिणाम-आधारित कार्यप्रणाली और जवाबदेही को प्राथमिकता देते हुए उपभोक्ता संतोष और राजस्व सुदृढ़ीकरण दोनों मोर्चों पर सख्ती से आगे बढ़ेगा।




