Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
राजधानी दिल्ली के विवेक विहार फेज-1 में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में एसी ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। मात्र कुछ ही मिनटों में लपटों ने दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि बचाव दल को लोगों को बाहर निकालने में जान की बाजी लगानी पड़ी। फिर भी पुलिस ने दर्जनभर लोगों को बचाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस और दमकल अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 3:48 बजे विवेक विहार थाना पुलिस को एक इमारत में आग की जानकारी मिली। एसएचओ, एसीपी समेत दर्जनभर से ज्यादा पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की 12 गाड़ियां, डीडीएमए स्टाफ, ट्रैफिक पुलिस और क्राइम टीम भी तुरंत पहुंच गई। मौके पर पहुंचते ही देखा गया कि बी-13 इमारत की ऊपरी तीन मंजिलों में आग भभक रही थी। इस दौरान 10-15 लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया। दमकल विभाग की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान पता लगा कि नौ लोगों की मौत हो चुकी है। उनकी मौत आग लगने से और धुएं से दम घुटने से हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस की ओर से मृतकों की पहचान कर ली गई है। पहली मंजिल पर रहने वाली शिखा जैन की जलकर मौत हो गई। इसके बाद दूसरी मंजिल पर रहने वाले 60 वर्षीय अरविंद जैन, उनकी पत्नी अनीता जैन, पुत्र निशांत जैन, पुत्र वधू अंचल जैन व डेढ़ वर्षीय पोता आकाश जैन भी जिंदा जल गई। इसी तरह तीसरी मंजिल पर रहने वाले 50 वर्षीय नितिन जैन, पत्नी शैली जैन और पुत्र साम्यक जैन की भी इस हादसे में मौत हो गई। वहीं घायल नवीन जैन का गुरु तेग बहादुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आग का कारण अभी अज्ञात, एसी ब्लास्ट की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि एयर कंडीशनर में ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो सकती है। आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिलों में सो रहे लोग फंस गए। कई लोगों ने चीख-पुकार मचाई, लेकिन धुआं इतना घना था कि सांस लेना भी मुश्किल हो गया।
आग लगने के कारण का पता लगा रही पुलिस
पुलिस अब आग लगने का असली कारण क्या था और इमारत में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी जांच कर रही है। पुलिस जांच कर रही है कि क्या इमारत में फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल वायरिंग और एग्जिट गेट्स थे। इमारत को बनाते समय क्या-क्या लापरवाही बरती गई थी।
वर्ष 2024 में भी विवेक विहार में लगी थी आग
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह अचानक चीख-पुकार सुनकर उनकी आंख खुली। आग को धधकते देखा तो रोंगटे खड़े हो गए। वह कुछ समझ पाते, उससे पहले कई जिंदगियां खत्म हो गईं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में यहां एक नवजात शिशु अस्पताल में आग लगने से कई मासूमों की जान चली गई थी।




