Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के वजीराबाद में युवक ने अपनी पत्नी और चार छोटे बच्चों को जहर देकर मार डाला। इसके बाद खुद भी चाकू से दोनों हाथों की नसें काट लीं। शनिवार रात करीब 9 बजे हुई इस घटना में पत्नी नजमा और बच्चे इकरा, शिफा, आरम और खतीजा की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी नाजिम का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार आरोपी नाजिम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है। वह करीब छह महीने पहले गुड़गांव आकर वजीराबाद में किराए का कमरा लेकर रहने लगा था। यहां गढ़ी हरसरू में उसका सैलून है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि नाजिम का पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसी झगड़े के चलते शनिवार शाम करीब 9 बजे उसने पत्नी व बच्चों को खाने में जहर देकर मार दिया।
नाजिम का भाई जीशान खाना खाकर बच्चों से मिलने ऊपर के कमरे में गया। अंदर घुसते ही उसने देखा कि उसकी भाभी व चारों बच्चे फर्श पर पड़े थे। उनके मुंह से झाग निकल रहे थे। नाजिम भी पास में पड़ा तड़प रहा था और उसके दोनों हाथों से खून बह रहा था। वहीं खून से सना चाकू पड़ा था।
जीशान ने पुलिस को कॉल किया। सभी को अस्पताल ले जाया गया। जहां पांचों को डॉक्टर ने मृत घोषित घोषित कर दिया व घायल नाजिम का इलाज चल रहा है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सुबूत जुटाए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह भिजवा दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
पहले बच्चों को फिर पत्नी को दिया जहर
सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि शनिवार को जब नाजिम काम से लौटा तो उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। गुस्से में उसने पहले बच्चों को और फिर पत्नी को जहरीला पदार्थ दे दिया। फॉरेंसिक टीम का कहना है कि बच्चों को पहले और पत्नी को बाद में जहर दिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जहर क्या था और हत्या में कोई और तरीका तो नहीं अपनाया गया।
खुद नहीं जीना चाहता था और बच्चों की जान ले ली
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी नाजिम ने पूछताछ में कहा है कि वह जीना नहीं चाहता था। उसके बाद बच्चों का क्या होगा। इसलिए उसने बच्चों को भी मार दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दूसरी पत्नी थी नजमा
बताया जा रहा है कि नजमा नाजिम की दूसरी शादी थी। बड़ी बेटी पहली पत्नी की है, जबकि बाकी तीन बच्चे नजमा के थे। परिजन अलग-अलग जगह से गुड़गांव आ रहे हैं। उनके आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम होगा।




